मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तीन विभिन्न ट्रेडों में निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत संचालित होने वाले अल्पावधि प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से 10 नवंबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
योजना के अंतर्गत सोलर पीवी इंस्टॉलर (सूर्य मित्र), असिस्टेंट मेसन (राजमिस्त्री) तथा जल वितरण संचालक ट्रेडों में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को व्यावसायिक कौशल विकसित करने तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए तैयार करने का अवसर मिलेगा।
15 से 45 वर्ष के युवा कर सकेंगे आवेदन
प्रशिक्षण के लिए 15 से 45 वर्ष आयु वर्ग के इच्छुक युवक-युवतियां आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को अपने आवश्यक दस्तावेजों, 10वीं/12वीं के प्रमाण-पत्र एवं दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ कार्यालय जिला पंचायत (कौशल विकास शाखा), खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 10 नवंबर 2026 तक आवेदन जमा करना होगा। जिले के पात्र युवाओं से इस निःशुल्क प्रशिक्षण योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई है।
